भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा भारत विकास परिषद, राजस्थान मध्य प्रांत की वर्ष 2026-27 की प्रथम प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक 12 अप्रैल को बिजयनगर में होगी। मेवाड़ा फार्म हाउस पर दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता रीजनल संगठन सचिव जगदीशचंद्र शर्मा करेंगे, जिसमें राष्ट्रीय एवं रीजनल स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन मिलेगा। प्रांतीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़ ने बैठक के एजेंडे पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस सत्र में विगत वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी वर्ष 2026-27 के बजट का अनुमोदन किया जाएगा। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु परिषद के आगामी सेवा और संस्कार प्रकल्पों की रूपरेखा तैयार करना रहेगा। इसके अंतर्गत 'भारत को जानो' प्रतियोगिता, राष्ट्रीय समूहगान, युवा व बाल संस्कार शिविरों के साथ-साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े सामूहिक सरल विवाह और कुटुंब प्रबोधन जैसे कार्यक्रमों पर गहन मंथन होगा। साथ ही, जल संरक्षण एवं पर्यावरण कार्यशालाओं के माध्यम से सामाजिक चेतना जगाने के लक्ष्यों पर भी चर्चा की जाएगी। संगठनात्मक मजबूती की दिशा में भीलवाड़ा, राजसमंद, अजमेर एवं ब्यावर जिलों की कार्यशालाओं और शाखाओं के आगामी लक्ष्यों का निर्धारण बैठक का प्रमुख हिस्सा होगा। प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी एवं प्रांतीय वित्त सचिव अमित सोनी ने प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्यों से नियत समय पर बैठक में उपस्थित होने का आह्वान किया है।