NEET- 2026 परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा देहात द्वारा केंद्र सरकार एवं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के खिलाफ बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। देहात कांग्रेस के पदाधिकारी कांग्रेस कार्यालय इकट्ठा हुए। यहां जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन करने के बाद विरोध जताते हुए पुतले के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय तक रैली के रूप में पहुंचे और नारेबाजी की गई। जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर पुतले को आग के हवाले किया गया। लाखों स्टूडेंट्स की मेहनत पर पानी फिरा कांग्रेस के पूर्व सभापति ओम नरानीवाल ने बताया कि NEET-2026 परीक्षा में हुए पेपर लीक ने देशभर के लाखों छात्र-छात्राओं एवं उनके परिवारों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। हजारों परिवारों ने अपने बच्चों के भविष्य के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना करते हुए कोचिंग एवं पढ़ाई पर भारी खर्च किया। परीक्षा निरस्त होने से स्टूडेंट्स में भारी निराशा और आक्रोश है। इसी के कारण आज कलेक्ट्रेट चौराहे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और विरोध प्रदर्शन किया।