भीलवाड़ा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने करीब 7 लाख रुपए कीमत का 45 किलो 617 ग्राम अवैध डोडा-चूरा जब्त किया है। इस मामले में एक बाल अपचारी सहित दो आरोपियों को डिटेन किया गया है, जो बसों के जरिए नशे की सप्लाई कर रहे थे। सादे कपड़ों में टीम ने दी दबिश एएनटीएफ के इंचार्ज आईजी विकास कुमार ने बताया - टीम को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति बस स्टैंड पर बनी केबिन की आड़ में प्याऊ के पास खड़े हैं और उनके पास मादक पदार्थ है।सूचना के आधार पर टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू की। इसके बाद सुभाषनगर पुलिस को बुलाकर संयुक्त घेराबंदी की गई। एक बाल अपचारी सहित दो डिटेन जैसे ही टीम मौके पर पहुंची,दोनों आरोपी घबरा गए और छिपने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।तलाशी के दौरान उनके पास से 45.617 किलोग्राम डोडा-पोस्त बरामद हुआ। इस पर हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी थानांतर्गत नाईवाला निवासी गुरदास सिंह पुत्र जोगेन्द्र को गिरफ्तार किया गया। वहीं बाल अपचारी को भी डिटेन किया गया। रोडवेज बस के जरिए की जा रही थी नशे की सप्लाई पूछताछ में सामने आया की दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के नीमच से डोडा-पोस्त लेकर रोडवेज बस के जरिए हनुमानगढ़ सप्लाई करने जा रहे थे। इस दौरान वे भीलवाड़ा बस स्टैंड पर बस बदलने के इंतजार में थे। जांच में यह भी सामने आ रहा है कि तस्कर बसों के जरिए छोटे-छोटे ट्रांजिट पॉइंट बनाकर सप्लाई चेन चला रहे हैं। ताकि पुलिस की निगाह से बच सकें। भीलवाड़ा जैसे शहर इस नेटवर्क में ‘पासिंग हब’ के तौर पर इस्तेमाल हो रहे हैं।