भीलवाड़ा के मांडल थाना क्षेत्र में मेजा डेम पर घूमने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे से पहले उसने पिता को फोन कर बताया था कि वह मेजा डेम घूमने आया है और कुछ देर में घर लौट जाएगा। देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश में डेम पहुंचे, जहां पाल पर उसकी बाइक और मोबाइल पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव डेम से बाहर निकाला। घटना 29 जून को हुई। आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पिता को फोन कर कहा- थोड़ी देर में घर पहुंचूंगा जानकारी के अनुसार, पांसल निवासी रोहित सिंह (23) पुत्र अमर सिंह डेम पर रविवार को घूमने गया था। घर नहीं पहुंचा तो पिता ने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर परिजन खुद मेजा डेम पहुंचे। पाल पर मिली बाइक और मोबाइल, डूबने की आशंका डेम की पाल पर पहुंचने पर परिजनों को रोहित की बाइक और मोबाइल पड़े मिले। इससे उसके डेम में गिरने की आशंका हुई। सूचना मिलने पर मांडल थाना प्रभारी रोहिताश्व यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। प्रारंभिक आशंका है कि डेम का गेज देखते समय युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। चार घंटे तक चला रेस्क्यू, देर शाम मिला शव पुलिस और गोताखोरों ने करीब तीन से चार घंटे तक लगातार डेम में तलाश की। देर शाम युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया और अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इनपुट : जितेंद्र सिंह मांडल