भीलवाड़ा के सूचना केंद्र चौराहे पर एक युवक घड़ी खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचा और मौका देखकर डिस्प्ले में रखी घड़ी चुराकर निकल गया। दुकानदार ने घड़ी गायब देख शोर मचाया तो लोगों ने कुछ ही दूरी पर युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी की घड़ी मिल गई। इसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। प्रोडक्ट देखने के बहाने की चोरी मामला कोतवाली थाना इलाके के सूचना केंद्र चौराहे का है। यहां स्थित वीके सेल्स एंड नोवेल्टी दुकान पर एक युवक अलग-अलग सामान देखने लगा। इसी दौरान मौका पाकर उसने दुकान के काउंटर पर डिस्प्ले में रखी एक घड़ी चुरा ली और वहां से निकल गया। दुकानदार ने शोर मचाया, लोगों ने पकड़ लिया दुकानदार ने जब घड़ी गायब देखी तो उसे युवक पर शक हुआ। उसने तुरंत शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुछ ही दूरी पर युवक को पकड़ लिया। तलाशी में जेब से मिली घड़ी लोगों ने युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब से चोरी की गई घड़ी मिल गई। इससे गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। युवक ने अपनी गलती मानते हुए माफी भी मांगी, लेकिन वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस युवक को थाने ले गई सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाया और अपने साथ थाने ले गई। कोतवाली थाना प्रभारी हनुमान सिंह ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। अगर रिपोर्ट मिलती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।