महज 5 से 10 हजार रुपए के लालच में दो युवकों ने साइबर ठग को अपने बैंक अकाउंट बेच दिए। इन अकाउंट में लाखों का लेन-देन हुआ। शातिर ठग ने युवकों से उनके सिम और ATM कार्ड भी ले लिए थे। ताकि ट्रांजैक्शन पर आने वाले OTP आसानी से मिल जाए और ATM से कैश निकालने का चांस भी न हो। मामला भीलवाड़ा के भीमगंज थाना इलाके का है। साइबर अपराध के मामले में पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। अब मास्टरमाइंड की तलाश की जा रही है। साइबर फ्रॉड की शिकायत मिली थी भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया- साइबर फ्रॉड की एक शिकायत मिली थी। इसमें बताया गया कि साइबर ठगी की राशि को ATM के जरिए निकाला गया है। जांच की तो ATM भीमगंज थाना इलाके के रावला चौक (गुलमंडी) में रहने वाले वसीम अकरम छीपा (27) पुत्र निसार का निकला। वसीम का खाता इंडियन बैंक (बसंत विहार, भीलवाड़ा) में है। उसके अकाउंट में अलग-अलग राज्यों से 13 लाख 377 रुपए ट्रांसफर हुए। दूसरा अकाउंट कोटा रोड पर तिलक पब्लिक स्कूल के पास रहने वाले अंकित शर्मा (30) पुत्र राजेंद्र का निकला। अंकित का अकाउंट भई इंडियन बैंक में है। उसके खाते में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु से 17 हजार रुपए ट्रांसफर हुए। जिन्हें ATM कार्ड का इस्तेमाल कर निकाला गया। दोनों मामलों में यह पैसा लोगों से साइबर ठगी की वारदात करके इन खातों में जुटाया गया था। दोनों खातों में लाखों के ट्रांजैक्शन, पैसा निकाला दोनों युवकों के बारे में भीमगंज थाना पुलिस को जानकारी मिली तो IT एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। वसीम और अंकित की बैंक डिटेल निकलवाई। ट्रांसफर की गई रकम क्रॉस चेक की गई। पता चला कि दोनों खातों में लाखों रुपए के ट्रांजैक्शन हुए हैं और पैसा एटीएम से निकाला गया है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को डिटेन कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने 5 से 10 हजार रुपए के लालच में अपना अकाउंट साइबर ठग को बेच दिया था। अपना सिम और एटीएम कार्ड भी दे दिया था। साइबर ठग लोगों से ठगी का पैसा इन्हीं अकाउंट में डलवा रहा था। इसके बाद एटीएम से पैसा विड्रॉ कर रहा था। खाता बेचने वाले दोनों आरोपियों से पुलिस अब पूछताछ कर रही है। साथ ही मुख्य आरोपी की तलाश भी कर रही है। ये थे टीम में शामिल आरोपियों को भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी, हेड कॉन्स्टेबल उमराव, मनीराम, समर्थ, कॉन्स्टेबल बीरबल, सौरभ, राजेश, उमेश और पूरन जाट की टीम ने गिरफ्तार किया।