भीलवाड़ा में उधार दिए गए रुपए मांगने पर युवक पर हमला कर दिया। पांसल चौराहे के पास कार की सर्विस कराने पहुंचे युवक पर बुलेट सवार दो भाइयों ने कथित रूप से पहले बाइक चढ़ा दी और फिर लोहे के सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि विवाद दो साल पुराने लेन-देन से जुड़ा है। कार की सर्विस कराने आया था युवक मामला प्रताप नगर थाना क्षेत्र के पांसल चौराहे का है। घायल पप्पूलाल नायक पुत्र श्रवण नायक निवासी खारी का लांबा ने बताया - वह गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी कार की सर्विस कराने पांसल चौराहे के पास आया था। बुलेट से टक्कर मारकर किया हमला पप्पूलाल के अनुसार, जैसे ही वह कार से उतरा, विजयनगर निवासी दशरथ नायक और उसका भाई पृथ्वीराज बुलेट पर वहां पहुंचे। उन्होंने पहले उसे टक्कर मारकर बुलेट चढ़ा दी और फिर लोहे के सरियों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। उधार के 3 लाख रुपए मांगने पर रंजिश घायल ने बताया कि उसने दो साल पहले दशरथ को 3 लाख रुपए उधार दिए थे। वह लगातार अपने रुपए वापस मांग रहा था, लेकिन रकम नहीं लौटाई गई। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में कहासुनी हो चुकी थी। पप्पूलाल का आरोप है कि रंजिश के चलते दोनों भाइयों ने उस पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।