भीलवाड़ा शहर में फूड सेफ्टी टीम ने बुधवार को 2,242 कैन कैफीनेटेड पेय पदार्थ (एनर्जी ड्रिंक के नाम से बेचे जा रहे उत्पाद) सीज किए। इनके सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित फर्मों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया- बुधवार को फूड सेफ्टी टीम ने मैसर्स एस.के.एस एजेंसी, पटेल नगर, भीलवाड़ा से ‘चार्जड’ ब्रांड की 1,410 कैन कैफीनेटेड बेवरेज तथा मैसर्स आधार काबरा, भोपालगंज, भीलवाड़ा से ‘रेडबुल’ ब्रांड की 832 कैन सीज की। दोनों दुकानों से सैंपललेकर जांच के लिए अजमेर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। कैफीनेटेड बेवरेज पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ लिखना भ्रामक खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के निर्देशों के अनुसार- कैफीनेटेड बेवरेज पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ या ‘स्पोर्ट्स ड्रिंक’ लिखना भ्रामक श्रेणी में माना जाता है। ऐसे मामलों में लोगों को भ्रम से बचाने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कैफीन ड्रिंक्स शरीर के लिए हानिकारक खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव ने बताया- अधिक कैफीन युक्त पेय पदार्थों का जरूरत से ज्यादा सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं तथा बच्चों को ऐसे उत्पादों के सेवन से बचना चाहिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी खाद्य या पेय पदार्थ को खरीदने से पहले उसके लेबल, सामग्री एवं वैधानिक जानकारी का अवश्य परीक्षण करें तथा भ्रामक दावों वाले उत्पादों के प्रति सतर्क रहें। ये रहे टीम में शामिल कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गोवर्धन लाल कुम्हार एवं फहद खान ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।