भीलवाड़ा जिले में पत्नी का मर्डर करने के बाद पति ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक अपनी पत्नी के साथ रविवार रात को साढ़ू के घर आया था। दोनों ने रात को साथ खाना खाया, फिर कमरे में सोने चले गए। सोमवार सुबह युवक का साढ़ू और साली फूल तोड़ने के लिए खेत गए तो पत्नी भी साथ चली गई। कुछ देर बाद युवक ने फोन कर उसे घर बुला लिया। यहां दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई तो गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फंदे पर लटक गया। घटना हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के बरडोद गांव में सोमवार की सुबह करीब 11 बजे हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मर्डर के बाद सुसाइड का मामला है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। साढ़ू के घर आए थे, सुबह दोनों के शव मिले थाना प्रभारी सुनील बेड़ा ने बताया- कालू जाट (30) पुत्र देवीलाल निवासी बन का खेड़ा, थाना बड़लियास अपनी पत्नी दुर्गा देवी (27) के साथ रविवार की शाम को बरडोद गांव में अपने साढ़ू जगदीश जाट के घर मिलने आया था। रात को दोनों यहीं पर रुके थे। सोमवार सुबह जगदीश जाट और उनकी पत्नी खेत में फूल तोड़ने गए तो दुर्गा देवी भी उनके साथ चली गई थी, जिसे कालू जाट ने फोन करके वापस घर बुला लिया था। कुछ देर बाद जब जगदीश जाट और उनकी पत्नी घर लौटे तो गेट हल्का बंद था। दोनों जैसे ही कमरे में घुसे तो कालू जाट का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि दुर्गादेवी का शव बेड पर पड़ा था। शव देखते ही जगदीश और उसकी पत्नी चीखने लगे। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत थाना प्रभारी ने बताया- सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। FSL टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए। फिलहाल शवों को हमीरगढ़ के सरकारी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। थाना प्रभारी ने बताया- महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मर्डर के बाद सुसाइड का मामला लग रहा है। साढ़ू ने कहा- दोनों के बीच फोन पर हुई थी कहासुनी साढ़ू जगदीश जाट ने बताया- पति-पत्नी रात को हमारे घर पर आए थे, सब कुछ नॉर्मल था। हमने साथ में खाना खाया था। कालू ने बताया था कि उनके बेटे की तबीयत थोड़ी खराब है, तो वे उसे सुबह उदयपुर चेक करवाने लेकर जाएंगे। आज सुबह जब हम उठे तो मेरी साली दुर्गा भी हमारे साथ खेत पर फूल तोड़ने चली आई। इसी दौरान कालू का फोन आ गया, उसने दुर्गा को काफी भला बुरा कहा। बोला कि जब हमें उदयपुर जाना है तो फूल तोड़ने क्यों चली गई, तुरंत घर पर आ। जगदीश ने बताया- मैं उसे लेकर घर छोड़ने पहुंचा। मैंने उसे गली के बाहर छोड़ा और वापस खेत पर चला गया। वहां पहुंचने पर मेरी पत्नी ने मुझे बोला कि कालू और दुर्गा लड़ नहीं ले, हम भी घर चलते हैं। करीब आधे घंटे बाद हम घर पहुंचे तो दोनों के शव कमरे में पड़े थे। बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि कालू अपनी पत्नी की जान लेकर सुसाइड कर लेगा। जगदीश ने बताया- कालू जाट खेती-किसानी का काम करता था। कालू और दुर्गा ने 11 साल पहले लव मैरिज कर ली थी। दोनों परिजनों ने अलग-अलग बाल विवाह करवाया हुआ था। ऐसे में, बालिग होने के बाद दोनों ने अपनी मर्जी से अलग से लव मैरिज कर ली थी। कालू और दुर्गा के 10 साल का बेटा है और 7 साल की बेटी है।