भीलवाड़ा में बुधवार को रात 10 बजे चुनावी सभा के दौरान भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा की खड़ी गाड़ी पर कुछ बदमाशों ने पथराव कर दिया। जिससे गाड़ी का पीछे का शीशा पूरी तरह से टूट गया। हालांकि विधायक इस घटना में सुरक्षित है। विधायक पर हुए अचानक इस हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। विधायक की गाड़ी पर पत्थर फेंकने वाले दो युवक एक बाइक के जरिए आए थे। वहीं, विधायक गोपीचंद मीणा ने इस घटना के पीछे कांग्रेस का हाथ बताया है और कहा कि विकास देखकर कांग्रेस बौखला गई हैं। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। मामला जहाजपुर के धौड़ गांव का है। बाइक सवार दो युवक पत्थर फेंककर फरार जानकारी के अनुसार, पंचायत राज चुनाव के चलते विधायक गोपीचंद मीणा क्षेत्र के दौरे पर थे। धौड़ गांव में जनसभा के दौरान उनकी गाड़ी खड़ी थी। इसी बीच बाइक पर आए दो युवकों ने गाड़ी पर पत्थर फेंके और मौके से फरार हो गए। पथराव में गाड़ी का पीछे का शीशा टूट गया। घटना की सूचना मिलने पर भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और रोष जताया। वहीं, जानकारी मिलते ही जहाजपुर डिप्टी और थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी जुटाई। विधायक ने कांग्रेस पर लगाया आरोप घटना के बाद विधायक गोपीचंद मीणा ने इसके पीछे कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में अपने विकास कार्यों के दम पर लगातार चुनाव जीत रही है। जिससे कांग्रेस बौखलाई हुई है। विधायक ने आरोप लगाया कि इसी वजह से इस तरह की हरकतें की जा रही हैं। फिलहाल पुलिस पथराव के कारणों और बाइक सवार युवकों की पहचान का पता लगाने में जुटी है।