भीलवाड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से बकरियां चरा रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 11 साल की दोहिती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सात बकरियां भी बिजली की चपेट में आकर मर गईं। दोनों बारिश शुरू होने पर बकरियों को लेकर घर लौट रहे थे, तभी अचानक बिजली गिर गई। हादसा गुरुवार शाम करीब सात बजे रायपुर थाना क्षेत्र के कलाल खेड़ी गांव में हुआ। देखें… घटनास्थल की दो तस्वीरें रोज की तरह बकरियां चराने गए थे पुलिस के मुताबिक, कलाल खेड़ी गांव निवासी धर्मा नाथ (65) अपनी दोहिती गायत्री नाथ (11) के साथ रोज की तरह करीब 50 भेड़-बकरियों को चराने खेत पर गए थे। शाम करीब 7 बजे अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी और हवाएं चलने लगीं, जिसके कुछ देर बाद बारिश शुरू हो गई। घर लौटते समय गिरी बिजली बारिश शुरू होने पर धर्मा नाथ अपनी दोहिती और बकरियों को लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से धर्मा नाथ, उनकी दोहिती गायत्री और सात बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने देखा, फिर पुलिस को दी सूचना कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने दोनों को खेत में पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस, राजस्व विभाग के गिरदावर डालचंद भील और पटवारी नंदकिशोर बैरवा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी भिजवाया। बीसीएमओ डॉ. अभिनव मीणा ने बताया कि रात होने के कारण पोस्टमॉर्टम शुक्रवार को किया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।