भीलवाड़ा की कोटड़ी थाना पुलिस ने सूदखोरी, धोखाधड़ी और अवैध वसूली के बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए ब्याज माफिया पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी आशाराम तेली और उसके पिता प्रभूलाल तेली को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया,जहां से दोनों को मांडलगढ़ जेल भेज दिया गया। ख़ाली चेक और स्टांप रखकर उधार लिया थाना प्रभारी महावीर प्रसाद ने बताया की पीड़ित चन्द्रालाल गाडरी निवासी घायलों का खेड़ा ने करीब 5-6 वर्ष पहले आरोपी आशाराम से 2 लाख रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। इसके बदले सिक्योरिटी के नाम पर 7 खाली चेक और 500 रुपये का स्टांप ले लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने ब्याज पर ब्याज, पेनल्टी की मांग शुरू कर दी। रकम नहीं देने पर खाली चेक और स्टांप का दुरुपयोग कर मकान कब्जाने, झूठे मुकदमों में फंसाने और परिवार को बर्बाद करने की धमकियां दी गई। ब्याज-पेनल्टी और अवैध वसूली जांच में सामने आया कि पीड़ित द्वारा लिए गए 3.95 लाख रुपये के लोन में से आरोपी ने खाली चेक भरकर 3.90 लाख रुपये अपने खाते में डलवा लिए। इसके बावजूद भी लालच खत्म नहीं हुआ और लगातार अवैध वसूली की कोशिश जारी रही। दो-तीन महीने बाद ही आरोपियों ने 5 रुपए सैकड़ा से राशि की मांग की और ब्याज पर ब्याज, पेनल्टी और भारी रकम की मांग शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि वो 8700 रुपए हर माह के हिसाब से राशि चुकाता रहा। अब तक 16 लाख रुपए दे चुका है। पुलिस बोली ऐसे मामलों की सूचना दें जांच में आरोप प्रमाणित होने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पीड़ित के दिए गए चेक, स्टांप और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे मामलों की तुरंत सूचना दें, ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।