भीलवाड़ा में सोमवार को राष्ट्रव्यापी ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया। विधायक अशोक कोठारी और संत बाबूगिरी स्थानीय लोगों के साथ मिलकर करीब दो किलोमीटर तक पैदल चले। इस दौरान सिर पर 58 हजार एप्लीकेशन सिर में ​रखकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी को भी ट्वीट किया। दरअसल, प्रधान संरक्षक वेद लक्षणा गौ माता और अध्यक्ष नंदी बाबा की प्रेरणा से गौ माता की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भीलवाड़ा में पैदल संकीर्तन रैली निकाली गई। इस रैली में लोग बड़ी संख्या में बैलगाड़ी के साथ पहुंचे। सज-धज कर आई बैलगाड़ी पर लोगों ने नारेबाजी भी की। विधायक–संत सिर पर 58 हजार प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे करीब दो किलोमीटर की इस पैदल रैली में भीलवाड़ा से विधायक अशोक कोठारी और महामंडेलश्वर बाबू गिरी, संत मायाराम, संत मोहन शरण शास्त्री एवं अन्य प्रमुख लोगों ने पूरे शहर से गौ रक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रार्थना पत्र भरवाए थे। ऐसे करीब 58000 से ज्यादा प्रार्थना पत्रों की गठरी सिर पर रखकर विधायक संतों के साथ राजेंद्र मार्ग स्कूल से जिला कलेक्टर कार्यालय तक करीब 2 किमी तपती सड़क पर नंगे पांव चलकर पहुंचे थे। यहां प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपे। उन्होंने अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाए। साथ ही देश भर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाए। पीएम मोदी के नाम किए सामूहिक ट्वीट प्रार्थना पत्र देने के बाद रैली में शामिल गौ भक्तों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम सामूहिक ट्वीट भी किए। अलग–अलग संगठनों से जुड़े लोगों का कहना है कि आज दिनभर ट्विटर (एक्स) के माध्यम से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने और गौ हत्या पर पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग की है।