भीलवाड़ा की भीमगंज पुलिस ने म्यूल अकाउंट के माध्यम से साइबर ठगों को खाता बेचकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि साइबर ठगी पर शिकंजे के तहत म्यूल अकाउंट हंटर अभियान के तहत भीमगंज सीआई सुनील चौधरी ने साइबर टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की। टीम ने साइबर ठगों को खाता बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये लोग पैसों के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। भीमगंज थाना पुलिस ने पंचमुखी कॉलोनी दादाबाड़ी निवासी बाबूलाल पुत्र गणपतलाल खटीक और आशीष पुत्र भारत कुमार खोईवाल को गिरफ्तार किया। 5 राज्यों में ट्रांजेक्शन आरोपी बाबूलाल खटीक ने राजस्थान ग्रामीण बैंक में अपना खाता खुलवाया और उसकी पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड साइबर ठगों को बेच दिए। ठगों ने इस खाते का उपयोग अलग-अलग राज्यों (हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और राजस्थान) के लोगों से ठगी गई राशि को ट्रांसफर करने में किया। आरोपी के खाते में साइबर फ्रॉड के जरिए 2.50 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन पाया गया। एटीएम से रुपए निकाले इन संदिग्ध खातों में लाखों रुपयों के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। साइबर फ्रॉड करने वाले अपराधियों ने आमजन के साथ किए गए साइबर फ्रॉड की राशि को इन बैंक खातों में ट्रांसफर किया। इसके बाद एटीएम, पीओएस के माध्यम से विड्रो और अन्य खातों में स्थानांतरण और निकासी करने में इस्तेमाल किया।