भीलवाड़ा में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बड़लियास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जंगल में लावारिस खड़ी जयपुर नंबर की एक क्रेटा कार और शाहपुरा नंबर की एक बाइक जब्त की। कार की तलाशी में 39 किलो 800 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा मिला। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस बड़लियास थाना प्रभारी जसवंत कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि जीवों का खेड़ा चौराहे से जीवों का खेड़ा गांव जाने वाली सड़क से करीब 50 मीटर दूर जंगल की तरफ जयपुर नंबर की एक क्रेटा कार और शाहपुरा नंबर की एक बाइक लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां दोनों वाहन लावारिस हालत में मिले और आसपास काफी संख्या में लोग मौजूद थे। कार के टूटे कांच के बीच मिला डोडा चूरा पुलिस ने देखा कि क्रेटा कार के साइड, आगे और पीछे के कांच टूटे हुए थे। कार के अंदर कांच के टुकड़े और अफीम डोडा चूरा के छिलके बिखरे पड़े थे। तलाशी के दौरान कार में रखे सफेद प्लास्टिक के कट्टों से अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। वजन कराने पर इसकी मात्रा 39 किलो 800 ग्राम निकली। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार और बाइक को जब्त कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में बड़लियास थाना प्रभारी जसवंत सिंह, एएसआई मुकेश, हेड कांस्टेबल जितेंद्र, कांस्टेबल पुरखा पुरी, संदीप और अनिल शामिल रहे।