भीलवाड़ा के रामनगर में सोमवार रात किराने की दुकान पर सामान लेने गए एक युवक के साथ लोडिंग टेंपो में आए कुछ लोगों ने गाली-गलौज के बाद मारपीट कर दी। हमले में युवक घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोग उसे इलाज के लिए महात्मा गांधी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। घटना गांधीनगर थाना इलाके की है। पुलिस ने घायल के बयान लेकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। वर्कशाप से दुकान पर सामान लेने गया था युवक रामनगर निवासी राम सिंह एक कार वर्कशाप में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे वह वर्कशाप से बाइक लेकर पास की एक किराने की दुकान पर सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान एक लोडिंग टेंपो में तीन-चार युवक वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। राम सिंह ने बताया कि गाली-गलौज के बाद युवकों ने लोडिंग टेंपो से लकड़ी के डंडे और हथियार निकाल लिए और उनके साथ मारपीट की। हमले में उनके सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं, जिससे वह घायल हो गए। लोगों ने बचाया, हॉस्पिटल पहुंचाया मारपीट और शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने राम सिंह को हमलावरों से बचाया और इलाज के लिए महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है। दो आरोपियों को नाम से जानता है घायल घायल राम सिंह ने बताया कि मारपीट करने वाले दो युवकों को वह नाम से जानते हैं। उनके नाम यूनुस और इरफान हैं। बाकी लोगों को वह चेहरा देखकर पहचान सकते हैं। गांधीनगर थाना पुलिस महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। इसके बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।