भीलवाड़ा शहर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि दुश्मन के हवाई हमले से RCM फैक्ट्री के ऑयल प्लांट में आग लग गई है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया और सिविल डिफेंस, पुलिस, मेडिकल टीम, होमगार्ड व अन्य एजेंसियों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। प्लांट परिसर में एयर रेड सायरन सक्रिय कर त्वरित चेतावनी प्रसारित की गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। 8 श्रमिकों के घायल होने की सूचना सिविल डिफेंस रेस्क्यू टीम ने आग से प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान 8 श्रमिकों के घायल होने की सूचना मिली, जिन्हें मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर पुलिस और होमगार्ड ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। प्रशासनिक अधिकारियों ने की निगरानी पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की गई। मौके पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) प्रतिभा देवतिया, एसडीएम हमीरगढ़, अग्निशमन अधिकारी, एएसआई पुलिस थाना हमीरगढ़ सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। सभी घायलों को सुरक्षित निकाल लिया गया और स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण रखा गया। बाद में मॉकड्रिल निकली पूरी घटना प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह पूरी घटना एक मॉकड्रिल थी, जिसका उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता और समन्वय की जांच करना था। मॉकड्रिल के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी 8 “घायलों” को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।