भीलवाड़ा में वीडियो बनाने से रोकने पर लोगों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद परिजन और माली समाज के लोगों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने परिवार पर दर्ज झूठा मुकदमा हटाने की मांग की और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा, माली युवा सेवा संस्थान सहित माली समाज के व्यक्तियों ने आज भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट के बाहर धरना प्रदर्शन कर एसपी सागर राणा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने गोपाल लाल माली पर हुए हमले के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और गोपाल माली के परिवारजनों पर दर्ज मुकदमा हटाने की मांग की। घटना के वीडियो फुटेज के बाद भी कार्रवाई नहीं राजस्थान प्रदेश माली सैनी महासभा के जिला अध्यक्ष भैरू लाल माली ने कहा- गोपाल लाल माली पर हमले की निंदा करते हैं। घटना के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई, उल्टा पीड़ित पक्ष के परिवारजनों पर मुकदमा दर्ज करवाया गया है। कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन जिलाध्यक्ष ने कहा कि मामले में किसी भी प्रकार के दबाव, प्रभाव या पक्षपात से ऊपर उठकर निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। पीड़ित पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्य सामने लाए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करे। यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती है तो समाज प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेगा।