भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी तहसील के छापरेल में सरकारी भूमि और धार्मिक नाड़ी पर हो रहे अवैध अतिक्रमण व बिना लाइसेंस चल रहे क्लिनिक को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। इस संबंध में ग्रामीणों ने आज भीलवाड़ा आकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया ओर सख्त कार्रवाई की मांग की। डॉक्टर पर चार अवैध दुकानें बनाने का आरोप गांव के सरपंच रामेश्वर सिंह ने आरोप लगाया कि छापरेल निवासी एक डॉक्टर ने चामुंडा माताजी की धार्मिक नाड़ी की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया है। आरोपी ने वहां चार दुकानें बना ली हैं और पीछे की करीब एक बीघा सरकारी भूमि पर भी अवैध कब्जा कर रास्ता निकाल लिया है। वर्तमान में वह इन दुकानों को किराए पर देकर अनुचित लाभ कमा रहा हैं। इसके अलावा, वह लंबे समय से बिना किसी वैध लाइसेंस के गांव में अवैध रूप से क्लिनिक भी संचालित कर रहा है। शिकायत करने पर अतिक्रमणकारी प्रभावशाली और राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर ग्रामीणों को धमकियां दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीण बोले- कार्रवाई नहीं होने पर करेंगे आंदोलन ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि सात दिवस के भीतर इस अवैध क्लिनिक को बंद नहीं किया गया और अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो वे तहसील और जिला स्तर पर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हुए ओर कड़ी कार्रवाई की मांग की।