भीलवाड़ा शहर के नजदीक अजमेर रेल मार्ग पर देवरिया फाटक के पास गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने का मामला सामने आया है। हादसे की सूचना मिलने पर मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि व्यक्ति की मौत किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है। रेल ट्रेक से गुजर रहे लोगों ने देखा शव मामला मांडल थाना क्षेत्र का है। मांडल-धुंआला रेलवे ट्रेक पर दो पोल के बीच एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। रेलवे ट्रेक से गुजर रहे लोगों ने शव को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 से 40 साल के बीच है। उसने नीले-काले रंग की जींस और ऑरेंज टी-शर्ट पहन रखी थी। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि व्यक्ति की मौत किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस मृतक के पास किसी तरह के डाक्यूमेंट्स नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने स्थानीय लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। फिलहाल पुलिस ने शव को स्थानीय हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया है। पुलिस ने आमजन से मांगी मदद मांडल थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इस हुलिये के किसी लापता व्यक्ति के बारे में जानकारी हो तो तुरंत मांडल थाने से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी जा सके।