राजसमंद कमें जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर सिक्योरिटी की ट्रेनिंग दी जा रही है। बुधवार को पंचायत समिति भीम के सभागार में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के लिए ‘साइबर जागरूकता एवं साइबर स्वच्छता’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। वर्कशॉप की शुरुआत उपखंड अधिकारी भीम विकास शर्मा के निर्देशानुसार किया गया। इस दौरान साइबर पुलिस थाना राजसमंद के प्रोग्रामर खैरूल वसीम ने अधिकारियों को डिजिटल उपकरणों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने कंप्यूटर, प्रिंटर, एंटीवायरस, ऑपरेटिंग सिस्टम, फायर वॉल और वाई-फाई राउटर के उपयोग में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। ट्रेनिंग में विभागीय आईडी और सरकारी डेटा को सुरक्षित रखने के उपाय बताए गए। साथ ही अधिकारियों को सलाह दी गई कि वे अपने विभागीय ईमेल और पोर्टल के पासवर्ड अलग-अलग रखें तथा ऑटो सेव फीचर का उपयोग न करें। कार्यशाला में बताया गया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं, ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी है। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।