खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में गत्ता बनाने वाली फैक्ट्री ‘डी ए पैकेजिंग’ में मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे आग लग गई। आग अज्ञात कारणों से लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री में फैल गई। फैक्ट्री में रखा कच्चा और तैयार माल जलकर राख हो गया। आग से कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। आग की खबर मिलते ही भिवाड़ी नगर परिषद और रिको फायर स्टेशन की करीब सात दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बढ़ती देख तिजारा, खैरथल और टपूकड़ा से भी और दमकलें बुलाई गईं। करीब तीन घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया गया। सूचना मिलने के बाद यूआईटी थाना पुलिस इंचार्ज विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेने लगे। आग से हुए नुकसान और इसके लगने के कारण का पता पूरी जांच के बाद ही चलेगा।