दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर भिवानी के गांव ढाणी शंकर के नजदीक एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीन लोगों को गंभीर चोटें आई, जिन्हें वहां पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से तीनों को हिसार रेफर कर दिया। इधर, हिसार जाते समय तबीयत बिगड़ने के कारण एक को इलाज के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दो घायलों को हिसार में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। मृतक की पहचान राजस्थान के चुरू जिला के गांव भैंसली निवासी करीब 33 वर्षीय राकेश के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान चुरू के गांव भैंसली निवासी वीरेंद्र व उनकी पत्नी सरोज के रूप में हुई है। एक साल के बेटे के पिता थे राकेश मृतक राकेश के ससुर बिरेंद्र ने बताया कि उसका दामाद कार में सवार होकर अपने घर से दिल्ली गृह मंत्रालय में ड्यूटी पर जा रहा था। इसी कार में दिल्ली पुलिस के कर्मचारी विरेंद्र व सरोज जो दोनों पति-पत्नी है। वे भी अपनी ड्यूटी पर ही जा रहे थे। इसी दौरान जब वे दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर भिवानी के ढाणी शंकर के नजदीक पहुंचे तो कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। जिसके कारण कार क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों को गंभीर चोटें आई। तीनों प्राथमिक इलाज के बाद रेफर घायलों को गांव लोहानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से डॉक्टरों ने तीनों को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया। जब परिजन हिसार लेकर जा रहे थे तो बीच रास्ते में राकेश की तबीयत अधिक खराब हो गई। जिसके कारण उसे इलाज के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में ले आए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक राकेश को करीब एक साल का एक बेटा है। वहीं राकेश दो भाईयों में छोटा था। वहीं राकेश के पिता खेतीबाड़ी करते हैं। पेड़ से टकराई कार जुई कलां पुलिस थाना के जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे। मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज किए है। बयानों में बताया कि गृह मंत्रालय का कर्मचारी राकेश व दिल्ली पुलिस के कर्मचारी कार में सवार होकर चुरू से दिल्ली जा रहे थे। इस दौरान कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। जिसके कारण तीनों को गंभीर चोटें आई। घायलों में से डॉक्टरों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर कार्रवाई की है।