हरियाणा के एशियन गेम्स मेडलिस्ट खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में खाने के लिए होड़ मच गई। जैसे ही खाने के स्टॉल खुले, समारोह में पहुंचे लोगों की भीड़ उनकी ओर दौड़ पड़ी। कुछ ही देर में स्टॉल खाली हो गए। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति संभाली। कुछ स्टूडेंट प्लेट दिखाकर बोले- ना धूप से बचने की व्यवस्था और ना पानी की व्यवस्था, यहां किसी चीज की व्यवस्था नहीं है भाई। इससे पहले सीएम नायब सैनी ने खेल कैलेंडर लॉन्च किया। इस दौरान सीएम ने सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। इसके बाद एशियन और पैरा एशियन गेम्स के 132 खिलाड़ियों को कुल करीब 189.38 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि चेक के रूप में दी गई। विजेताओं में सबसे ज्यादा कैश प्राइज पाने वाली खिलाड़ी नीरू ढांडा (शूटिंग) रहीं, जिन्हें ₹7.50 करोड़ की राशि मिली। इनके बाद किरण पनहाई (एथलेटिक्स) को ₹4.50 करोड़ की राशि प्रदान की गई है। इसके अलावा, तालिका में शामिल अन्य सभी खिलाड़ियों (जैसे शेफाली वर्मा, कमलजीत, और सुरुचि सिंह) को ₹3-3 करोड़ का कैश प्राइज मिला है। वहीं, एशियन पैरा गेम्स में 2 गोल्ड मेडल जीतने वाली महेंद्रगढ़ की मोना अग्रवाल का नाम इस लिस्ट में नहीं था। उनके पति रविंद्र कुमार ने कहा, सरकार ने तर्क दिया था कि मायका राजस्थान में है। मगर, सरकार राजस्थान के देवेंद्र को भी सम्मानित कर चुकी है। सम्मान समारोह के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…