पश्चिम बंगाल में बीजेपी के चुनाव प्रभारी, अलवर सांसद व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग खत्म होने के बाद अलवर पहुंचे। गुरुवार को सबसे पहले काला कुआं स्थित वेंकटेश बालाजी दिव्य धाम मंदिर पहुंचे। वहां गाय का पूजन कराया। स्वामी सुदर्शनाचार्य से आशीर्वाद लिया। उसके बाद केंद्रीय मंत्री सरिस्का में सफारी करते हुए पांडूपोल मंदिर पहुंचे। अलवर शहर के बुध विहार में पार्क पुस्तकालय का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि बंगाल के चुनाव समाप्त हुए हैं। मुझे पार्टी ने विभिन्न प्रदेशों में जाकर काम करने का अवसर दिया है। पार्टी के लिए उत्तराखंड, यूपी, झारखंड में सह प्रभारी के रूप में काम किया। यूपी व उत्तराखंड में सरकार बनाई। बिहार का प्रभारी बनाया। वहां सरकार बनी। इस चुनाव में गंगोत्री से गंगा सागर तक काम करने का अवसर मिला। ये केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि जनता के बीच में काम करते विश्वास व समर्पण है। कहीं भी जाएं तो अपनापन महसूस करने से ही सुकून मिलता है। पुस्तकालय का प्रोजेक्ट मन का प्रोजेक्ट है। जब डबल इंजन की सरकार होती है तो फायदा होता है। हमने अलवर को स्वच्छता में आगे बढ़ाया। ई-गुरुकुल बनाए हैं। 4 मई के बाद उनका लोकार्पण करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने वन राज्य मंत्री संजय शर्मा की ओर से कराए गए विकास के कार्यों की खूब तारीफ की। इसके बाद सूर्य नगर में अलवर दर्शन पार्क और दोपहर 12 बजे इंदिरा गांधी स्टेडियम में कुश्ती हॉल का उद्घाटन किया। कुश्ती हॉल का उद्घाटन करते समय केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि कुश्ती के खिलाड़ियों को हम आगे लेकर आएंगे। हर साल 10-10 अच्छे खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए उनको छात्रवृति दिलाएंगे। ताकि वे अच्छे से तैयारी कर सकें। सरिस्का में सफारी के दौरान हो रहे विकास के कार्यों की जानकारी ली। उनके साथ सीसीएफ संग्राम सिंह, एसपी सुधीर चौधरी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।