भरतपुर के भुसावर में आज कृषि महाविद्यालय और छात्रावास का लोकार्पण किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े रहेंगे। वह 11 बजकर 30 मिनट पर भुसावर पहुंचेगे। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सांसद भजन लाल जाटव ने किया पोस्ट महाविद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस के पूर्व मंत्री और धौलपुर सांसद भजन लाल जाटव ने पोस्ट करते हुए लिखा है कि कांग्रेस सरकार द्वारा जनहित में किए गए विकास कार्य ही प्रदेश की असली पहचान हैं। मुझे जानकारी मिली कि भुसावर में मेरे विधायक कार्यकाल के दौरान हमारी कांग्रेस सरकार द्वारा स्वीकृत कृषि महाविद्यालय के भवन का उद्घाटन किया जा रहा है। 40 साल से थी कृषि महाविद्यालय की मांग भुसावर में कृषि महाविद्यालय की मांग लगभग 40 सालों से की जा रही थी। कांग्रेस सरकार ने जनता की इस लंबे समय से लंबित मांग को गंभीरता से लेते हुए मेरे निरंतर प्रयासों और अनुरोध पर कृषि महाविद्यालय को स्वीकृति प्रदान की। आवश्यक वित्तीय स्वीकृति उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया था। मुझे इस महत्वपूर्ण महाविद्यालय का शिलान्यास करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कांग्रेस कार्यकाल में महाविद्यालय का काम हुआ था पूरा मेरे विधायक कार्यकाल के दौरान कृषि महाविद्यालय का निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की स्थिति में पहुंच चुका था। भवन सहित अधिकांश आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का कार्य पूरा कराया जा चुका था और, महाविद्यालय को शीघ्र शुरू करने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा था। बीजेपी ने काम को रोककर विकास की गति को बाधित किया भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू किए गए इस कृषि महाविद्यालय के निर्माण कार्य को रोककर विकास की गति को बाधित किया। अब उसी कार्य को पूरा कर उसका श्रेय लेने का असफल प्रयास किया जा रहा है।