डूंगरपुर जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन सुदर्शन चक्र' के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के एक मामले में पिछले तीन साल से फरार चल रहे वांछित शराब सप्लायर नरेन्द्र उर्फ बुलिया जाट को गिरफ्तार किया है। बिछीवाड़ा थाना प्रभारी कैलाशचन्द्र सोनी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार हाल ही में स्थायी वारंटियों की तलाश में एक पुलिस टीम चूरू जिले के तारानगर और राजगढ़ क्षेत्र में दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिछीवाड़ा थाने के प्रकरण संख्या 116/2023 में वांछित आरोपी नरेन्द्र उर्फ बुलिया चूरू जिले के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में एक किराये के मकान में रह रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। वहां मौजूद व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान नरेन्द्र उर्फ बुलिया पुत्र ताराचंद जाट (36), निवासी ढाणी रणवा, थाना दुधवाखारा, जिला चूरू के रूप में बताई। पहचान की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी को बिछीवाड़ा थाना लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी राजस्थान आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में दर्ज मामले में स्थायी वारंटी था और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक लालशंकर, हेड कॉन्स्टेबल लोकेन्द्र सिंह और कॉन्स्टेबल युवराज सिंह की विशेष भूमिका रही। जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।