सागवाड़ा थाना पुलिस ने एक मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार किया है, जो पिछले तीन साल से फरार था। पुलिस ने 'ऑपरेशन शिकंजा' के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को सीकर जिले के खाटूश्यामजी से पकड़ा। सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष खोईवाल ने बताया कि पादरा निवासी मीरा परमार पत्नी मोहन परमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 3 जुलाई 2023 को उनके घर के बाहर खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चुरा ले गए थे। पुलिस टीम ने तकनीकी आधार और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी बिहार भाग गया था। बाद में वह सीकर जिले के खाटूश्याम क्षेत्र में रहने लगा था। पुलिस टीम खाटूश्याम पहुंची और मंदिर क्षेत्र के विभिन्न होटलों व सरायों में जांच की। आरोपी एक गेस्ट हाउस में काम करते हुए मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागवाड़ा के ठाकरडा पाड़ा निवासी पतरश उर्फ निका उर्फ निकेश उर्फ निलेश (33) के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।