बीकानेर शहर के अदालत परिसर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। रविवार रात कोर्ट की ई-मेल पर मिली धमकी के बाद सोमवार सुबह कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराकर पुलिस और प्रशासन ने घेराबंदी करते हुए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। ई-मेल में लिखा- मौत की सजा पाने वाले पुलिसकर्मी बेकसूर थे। असली दोषी वे राजनीतिक आका और पुलिस प्रमुख हैं, जो तमिलनाडु के मंत्रियों के इशारे पर निचले स्तर के पुलिसकर्मियों पर दबाव डालते हैं कि वे इस तरह की कस्टोडियल यातनाएं दें या गैर-कानूनी आदेशों का पालन करें। वहीं लिखा- मैथ्यू वैनडाइक और जाफर सादिक (DMK) को रिहा करो, अन्यथा सोमवार दोपहर 1:15 बजे अदालत में साइनाइड गैस से भरे 14 IED बमों से धमाका किया जाएगा। एक महीने में दूसरी बार मिली इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले मार्च के पहले सप्ताह में भी बीकानेर और लूणकरनसर कोर्ट परिसर को ई-मेल के जरिए धमकी मिल चुकी है। कोर्ट की ऑफिशियल मेल आईडी पर आया धमकी भरा ईमेल बीकानेर कोर्ट की ऑफिशियल मेल आईडी पर 12 अप्रैल की रात 9:39:53 बजे धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। जिसमें कोर्ट को तुरंत खाली करने की चेतावनी दी गई। सूचना मिलते ही सोमवार सुबह सदर थाना पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची। इसके बाद डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया, जिसने कोर्ट परिसर का चप्पा-चप्पा खंगाला, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मार्च में भी मिल चुकी है इसी तरह की धमकी इससे पहले मार्च माह में भी बीकानेर कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके अलावा शहर के हेड पोस्ट ऑफिस को भी दो बार इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क हैं। जांच एजेंसियां मौके पर, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया गया और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई। साथ ही कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बार एसोसिएशन ने जताई चिंता बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा - पहले मिली धमकी के आरोपी का अब तक पता नहीं चल सका है और एक बार फिर ऐसी घटना सामने आई है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने कहा- जांच जारी, ईमेल के स्रोत की पड़ताल पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी की सत्यता की जांच की जा रही है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। --- ये खबर भी पढ़ें… बीकानेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी:मेल में लिखा- दोपहर 2 बजे 14 बम ब्लास्ट होंगे, ड्रोन का इस्तेमाल किया है. बीकानेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी:लूणकरणसर कोर्ट परिसर में भी पुलिस ने की तलाशी