बीकानेर में तेज तापमान के बीच श्रीडूंगरगढ़ में बारिश से तापमान में गिरावट की उम्मीद बंधी है। इस बीच मौसम विभाग ने भी बीकानेर में हल्की बारिश की संभावना जताई है। श्रीडूंगरगढ़ के बेनीसर सहित कई गांवों में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। बीकानेर में अप्रैल में ही गर्मी तेज हो गई है, जहां रविवार को तापमान 44.6 डिग्री दर्ज हुआ और सोमवार सुबह 11 बजे 41 डिग्री पार पहुंच गया। रात का तापमान भी 30.1 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे राहत नहीं मिल रही। इस बीच सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ में बादलों ने बरसना शुरू कर दिया।अब तापमान में गिरावट की उम्मीद की जा रही है। दिन में 44 डिग्री पार, सुबह 11 बजे ही 41 डिग्री शहर में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार सुबह 11 बजे ही पारा 41 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर 2 से 3 बजे के बीच तापमान फिर 44 डिग्री से ऊपर जा सकता है। रात का तापमान 30.1 डिग्री, राहत नहीं बीती रात न्यूनतम तापमान 30.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात रही। सोमवार रात भी तापमान 30 डिग्री से नीचे जाने की संभावना कम है, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पर्यटन पर असर, जूनागढ़ किले में पर्यटक कम भीषण गर्मी का असर शहर की पर्यटन गतिविधियों पर भी पड़ा है। बीकानेर के प्रमुख पर्यटन स्थल जूनागढ़ किले में विदेशी पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। बढ़ती गर्मी के कारण पर्यटक ठंडे और पहाड़ी इलाकों की ओर जा रहे हैं। नौवीं से बारहवीं स्टूडेंट्स दोपहर में स्कूल जाने को मजबूर गर्मी का असर स्कूली बच्चों पर भी दिख रहा है। प्रशासन ने आठवीं तक के स्टूडेंट्स का स्कूल समय सुबह 11:30 बजे तक कर दिया है। लेकिन नौवीं से बारहवीं के स्टूडेंट्स को अभी भी दोपहर की गर्मी में स्कूल आना-जाना पड़ रहा है। छोटे बच्चों को भी इंतजार करना पड़ रहा जिन छोटे बच्चों के बड़े भाई-बहन उसी स्कूल में पढ़ते हैं, उन्हें छुट्टी के बाद भी स्कूल में रुकना पड़ता है। इस स्थिति को देखते हुए अभिभावकों और स्टूडेंट्स ने उच्च कक्षाओं के लिए भी स्कूल समय बदलने की मांग शुरू कर दी है।