बीकानेर में सोमवार को शहर के भुट्टों के बास इलाके में पुलिस और बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तस्कर मेहंदी हसन उर्फ महेंद्र के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। मौके पर सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र पचार पुलिस जाब्ते के साथ मौजूद रहे। वहीं तहसीलदार महेंद्र रत्नू और बीडीए अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। हसन पर 7 मुकदमे; 5 NDPS के पुलिस के अनुसार मेहंदी हसन उर्फ महेंद्र के खिलाफ कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 5 मामले एनडीपीएस एक्ट से जुड़े बताए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि आरोपी द्वारा अवैध रूप से निर्माण किया गया था, जिस पर अब कार्रवाई की गई है। भुट्टों के बास इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने अवैध निर्माण को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली। कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। अपराध जगत में हड़कंप बीकानेर पुलिस ने कई हिस्ट्रीशीटरों और तस्करों के खिलाफ अवैध कब्जों, गैरकानूनी कारोबार और आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई तेज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अपराध से अर्जित संपत्तियों व अवैध निर्माणों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।