बीकानेर के अंबेडकर सर्किल के पास बिजली विभाग कार्यालय के नजदीक बुधवार सुबह नाले में संदिग्ध हालत में एक व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। पुलिस हत्या और हादसा दोनों ही एंगल से जांच कर रही है। शव 5 से 6 दिन पुराना प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैफिक थाने के मोड़ के सामने सुबह नाले में एक शव पड़ा दिखाई दिया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शव करीब 5 से 6 दिन पुराना होने की आशंका है। इतने दिनों तक नाले में डूबे रहने के कारण शव पूरी तरह सड़-गल चुका था। हालत इतनी खराब थी कि शरीर के कई अंग गायब थे। पहचान के प्रयास जारी सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में काफी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला जा सका। दुर्गंध और गंदे पानी के कारण शव को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। पुलिस ने बताया कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। फिलहाल पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। नाले से कुछ दूरी पर हैं दो पुलिस थाने करीब सप्ताह भर पुराना शव जिस नाले में मिला, उससे कुछ ही दूरी पर ट्रैफिक पुलिस और साइबर थाना भी मौजूद हैं। बावजूद इसके किसी को भी नाले में शव होने की भनक तक नहीं लगी। किसी राहगीर ने पुलिस को नाले में एक युवक के गिरे होने की सूचना दी। बाद में पता चला कि उसकी मौत काफी पहले हो चुकी है।