बीकानेर की बज्जू पंचायत समिति के भूरासर में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हो गया। इस दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और पथराव शुरू हो गया। मौके पर तैनात पुलिस बल ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान मजीद खान पुत्र गावर अली के सिर में चोट लग गई। दरअसल, बीकानेर की पांच पंचायत समितियों में पंच और सरपंच पदों के लिए शाम 6 बजे चुनाव हुआ। बीकानेर, कोलायत, बज्जू खालसा, बीठनोक और हदां पंचायत समितियों की 137 ग्राम पंचायतों में वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा बज्जू खालसा में 89.33 प्रतिशत वोटिंग हुई। वहीं सबसे कम कोलायत में 83.11 प्रतिशत वोटिंग रही। चुनाव के परिणाम सबसे पहले दैनिक भास्कर ऐप पर देखे जा सकेंगे। इसके बाद रविवार को उप सरपंच का चुनाव होगा। दूसरे चरण में बीकानेर में बज्जू खालसा में सबसे ज्यादा मतदान हुआ। शुरू से तीन बजे तक जहां बीठनोक में सर्वाधिक मतदान था, वहीं अंतिम समय में बज्जू ने रिकार्ड वोटिंग की। पांचों पंचायत समितियों में मतदान प्रतिशत अच्छा रहा। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात मतदान के दौरान हिंसा और उत्पात की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया है। कुछ मतदान केंद्रों को संवेदनशील और अति संवेदनशील मानते हुए वहां अतिरिक्त पुलिस जाब्ता लगाया गया है। खासकर बज्जू खालसा और कोलायत में पुलिस ने कुछ मतदान केंद्रों को निगरानी में रखा है। पिछले चुनाव में रिजल्ट के बाद रुणिया पंचायत समिति में विवाद हो गया था। इसके बाद पुलिस ने 50 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया था और 20 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।