बीकानेर में चौकीदार की गला रेतकर हत्या के बाद लोगों में आक्रोश है। पीबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी के बाहर परिजनों और स्थानीय लोगों ने रास्ता जाम कर दिया और शव लेने से इनकार कर दिया। भंवरलाल रेगर (70) की हत्या के 24 घंटे बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। मोर्चरी के बाहर धरना, गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार बीकानेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद परिजन और शिवबाड़ी क्षेत्र के लोग सुबह से ही पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्यूरी के बाहर एकत्र हो गए। लोगों ने नारेबाजी करते हुए साफ कहा कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक शव नहीं लिया जाएगा। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम की मंजूरी भी नहीं दी है। गला रेतकर की गई थी बुजुर्ग की हत्या मृतक भंवरलाल रेगर (70) मदन विहार कॉलोनी, शिवबाड़ी के निवासी थे। वे जयनारायण व्यास कॉलोनी क्षेत्र में एक प्लॉट पर चौकीदारी कर रहे थे। 2 अप्रैल को अज्ञात बदमाशों ने उनकी गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद शव को पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया। एफएसएल जांच के बाद भी नहीं मिला सुराग घटना के बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दो दिन पहले ही शुरू किया था काम जानकारी के अनुसार, जिस प्लॉट पर भंवरलाल चौकीदारी कर रहे थे, वह जैसलमेर निवासी कुंदन सिंह का है। भंवरलाल ने 30 मार्च को ही यहां काम शुरू किया था। लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।