बीकानेर में सोमवार को रेलवे स्टेशन पर एक बंदर ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान एक महिला को काट दिया। वहीं एक यात्री को नीचे गिरा दिया। घटना स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक की है। इस दौरान बंदरों ने वहां मौजूद बच्चों को भी परेशान किया। इस मामले को लेकर पूर्व पार्षद आदर्श शर्मा ने मंडल रेल प्रबंधक को लैटर भी लिखा है। महिला यात्री को काटा सोमवार को एक महिला प्लेटफॉर्म नंबर एक पर खड़ी थी। इसी दौरान एक बंदर ने उसे काट लियाद्ध महिला यात्री घबराकर चिल्लाने लगी। इसी दौरान उसी प्लेटफॉर्म पर एक अन्य यात्री भी खड़ा था। बंदर उसके कंधे पर चढ़ गया और उसे नीचे गिरा दिया। रेलवे प्रशासन ने इस समस्या को लेकर नगर निगम को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग भी की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यात्रियों का कहना है कि दिनभर बंदर प्लेटफॉर्म और वेटिंग एरिया में घूमते रहते हैं, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। आवारा कुत्तों से भी परेशानी सिर्फ बंदर ही नहीं, बल्कि आवारा कुत्तों ने भी स्टेशन परिसर में परेशानी बढ़ा रखी है। कुत्ते पूरे क्षेत्र में घूमते रहते हैं और कई बार यात्रियों के पीछे दौड़ पड़ते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यात्रियों ने रेलवे और नगर निगम प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर बंदरों और आवारा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि स्टेशन पर सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जा सके।