मानसून की दस्तक के बाद भी बीकानेर जिले का बड़ा हिस्सा इस बार अच्छी बारिश से वंचित रह गया है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश जरूर हुई, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में लोग अब भी झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बीकानेर समेत पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहेंगी और शुक्रवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 15 जुलाई तक बारिश की संभावना कम मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 10 जुलाई को पूरे पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 11 से 15 जुलाई के बीच बीकानेर और जोधपुर संभाग में केवल कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जो खेतों की प्यास बुझाने के लिए पर्याप्त नहीं होगी। विभाग का अनुमान है कि 15 जुलाई के बाद नया सिस्टम बनने पर ही बीकानेर संभाग में अच्छी बारिश के आसार बनेंगे। शुक्रवार को हनुमानगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि भरतपुर समेत कुछ अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना है। कम बारिश से किसान चिंतित बारिश की कमी से किसानों के चेहरे उतरे हुए हैं। जिले में खरीफ की बड़ी खेती गैर-सिंचित क्षेत्रों में होती है, इसलिए बुवाई पर असर पड़ रहा है। बाजरा, मूंग, मोठ, ग्वार, तिल, कपास समेत अन्य फसलों की पैदावार प्रभावित होने की आशंका है। महाजन, लूणकरनसर और अरजनसर के कुछ गांवों में अच्छी बारिश हुई है, लेकिन कोलायत और बज्जू क्षेत्र में पानी कम गिरा है। नोखा और श्रीडूंगरगढ़ में खेती मुख्य रूप से कृषि कुओं पर निर्भर है, इसलिए वहां फसल की स्थिति बेहतर रहने की उम्मीद है। फिर बढ़ेगी गर्मी पिछले कुछ दिनों में तापमान में हल्की गिरावट आई थी, लेकिन अब गर्मी फिर बढ़ने के आसार हैं। 7 जुलाई को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 8 और 9 जुलाई को बादलों और हल्की बारिश के कारण इसमें कमी आई, लेकिन 10 जुलाई को पारा फिर 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।