बीकानेर के रानी बाजार क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर 2 बजे तेज गति से आई बस ने एक परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में 8 साल के अबिर खान की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि उसके पिता इजहार आलम, मां राहीन और रिश्तेदार वाहिदा घायल हो गए। घटना कोटगेट थाना क्षेत्र में किसान छात्रावास के पास उस समय हुई जब इजहार आलम अपनी पत्नी राहीन, बेटे अबिर खान (8) और अहद खान (10) के साथ रिश्तेदार वाहिदा (25) के साथ रानी बाजार में बस का इंतजार कर रहे थे। घायलों को पीबीएम हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। इलाज के दौरान बच्चे ने तोड़ा दम पीबीएम अस्पताल में गंभीर रूप से घायल बच्चे अबिर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई थीं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। भारी वाहनों की नो एंट्री, नहीं मानते चालक गौरतलब है कि रानी बाजार क्षेत्र से बसों और भारी वाहनों का नियमित संचालन बंद है। भारी वाहन और बसों के लिए रानी बाजार पुलिया से इंडस्ट्रियल एरिया होकर जाने का रूट तय किया हुआ हे। इसके बावजूद बसें मुख्य बाजार की तंग सड़क से गुजरती हैं जिससे अक्सर हादसों का खतरा बना रहता है। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।