बीकानेर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कुछ महीने पहले कार्रवाई के बाद उसी जगह वापस स्पा सेंटर शुरू हो गया। पुलिस ने दबिश देकर दो युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में युवक की भूमिका दलाली से जुड़ी होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस, मौके पर पकड़े गए युवक-युवतियां पुलिस के अनुसार कोटगेट के पास संचालित स्पा सेंटर के बाहर एक युवक कार में बैठकर अंदर मौजूद युवतियों के संबंध में बात कर रहा था। इस संदिग्ध गतिविधि को देखकर मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी अनुज डाल के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस महिला जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और तत्काल दबिश दी। मोबाइल जब्त, पूछताछ जारी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर से दो युवतियों को पकड़ा, जबकि वहां मौजूद युवक भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक कथित तौर पर दलाली की भूमिका निभा रहा था। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और उसमें मौजूद डाटा के आधार पर अन्य कड़ियों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस तीनों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। साथ ही स्पा सेंटर के संचालन, लाइसेंस और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।