जिला शिक्षा अधिकारी बीकानेर ने गर्मियों की छुट्टियों में स्कूली बच्चों के होमवर्क को क्रिएटिव बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिले के सभी विद्यालयों में सीखे हर दिन – स्कूल से घर तक अभियान चलाया जाएगा। आदेश में कहा गया है कि अवकाश के दौरान विद्यार्थियों को ऐसा होमवर्क दिया जाए, जिसमें उन्हें स्टोरी लिखनी होगी या फिर अपनी हैंडराइटिंग सुधारने पर काम करना होगा। ये दिए निर्देश रचनात्मक गतिविधियों पर रहेगा जोर आदेश के अनुसार गृहकार्य केवल किताबी प्रश्नों तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें हैंडराइटिंग सुधारने, चित्रकारी, कविता और कहानी लेखन, भाषा ज्ञान, खोज आधारित लेख, समसामयिक विषयों पर लेखन, महापुरुषों की जीवनी तथा स्थानीय कला-संस्कृति से जुड़ी गतिविधियां शामिल की जाएंगी। पुस्तकालय और पारिवारिक संवाद को बढ़ावा विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि अवकाश से पहले विद्यार्थियों को पुस्तकालय से पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। विद्यार्थी पढ़ी गई पुस्तकों का सारांश अपनी होमवर्क कॉपी में लिखेंगे। साथ ही परिवार के बुजुर्गों के साथ संवाद, लोक कथाएं और पारिवारिक इतिहास को लिखित रूप में संकलित करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। 14 और 15 मई को वितरित होगा गृहकार्य निर्देशों के अनुसार गृहकार्य 14 एवं 15 मई 2026 को अनिवार्य रूप से विद्यार्थियों को वितरित किया जाएगा। विद्यालय प्रधानों को इसके क्रियान्वयन और अभिलेख संधारण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अवकाश के बाद होमवर्क की जांच कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संस्था प्रधानों को निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि विद्यार्थियों का ग्रीष्मकालीन अवकाश शैक्षिक दृष्टि से सार्थक और उपयोगी बन सके।