भास्कर न्यूज | गिड़ा आकली धनसिंह गांव के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाए जा रहे बिना नंबर के डंपर ने दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हरिराम पुत्र दुगाराम प्रजापत निवासी आकली धनसिंह ने पुलिस में दी रिपोर्ट में बताया कि 12 अप्रैल की सुबह उसका भतीजा जयेश (18) पुत्र हीराराम निवासी खेड़ तथा जेठाराम (19) पुत्र मूलाराम निवासी आकली धनसिंह उसकी मोटरसाइकिल पर सवार होकर पदमनाथ के घर दूध लेने गए थे। हरिराम अपनी मोटरसाइकिल सड़क के किनारे सही साइड में खड़ी कर दूध लेने अंदर चला गया। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे आकड़ली से मलवा की ओर जा रहा एक बिना नंबर का डंपर तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे खड़े दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जेठाराम के सिर, मुंह, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि जयेश के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए और शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद दोनों घायलों को निजी वाहन से गिड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान जेठाराम ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल जयेश को प्राथमिक उपचार के बाद बालोतरा रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मृतक जेठाराम का शव गिड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।