पाली जिले के शिवपुरा थाना इलाके में शुक्रवार देर शाम बाइक और ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में दो सगे भाई घायल हो गए। हादसा जाडन से सरदारसमंद जाने वाले रोड पर टोल नाके के पास हुआ। हादसे में 19 साल के हरीश और उसके 13 साल के छोटे भाई पवन को चोटें आईं। दोनों को एम्बुलेंस से पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। घुटने के नीचे से टूटा पैर सूरायता निवासी 19 साल का हरीश पुत्र देवाराम हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर में इतनी गंभीर चोट आई कि घुटने के नीचे का हिस्सा टूट गया और हड्डी बाहर दिखाई देने लगी। वहीं उसके छोटे भाई पवन को भी चोटें आईं। दोस्त से मिलकर लौट रहे थे दोनों भाई जानकारी के अनुसार दोनों भाई बाइक से पाली अपने दोस्त से मिलने आए थे। वापस गांव लौटते समय जाडन टोल नाके के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई।