श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्थान के तत्वावधान में सोमवार को महाराजा अजमीढ़जी महाराज की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह में समाज की 15 प्रतिभाओं को सम्मानित कर शिक्षा और सामाजिक विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अजमीढ़जी महाराज की आरती के साथ हुई। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, भामाशाहों, नवनिर्वाचित पार्षद ललित सोनी तथा शोभायात्रा के दौरान जलपान की व्यवस्था करने वाले भामाशाह का भी सम्मान किया गया। इस दौरान संस्थान का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। साथ ही समाज के विकास और भवन निर्माण को लेकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज में एकता बनाए रखने तथा विकास कार्यों में सभी समाजबंधुओं से सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने सामाजिक सहभागिता और शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताया। कार्यक्रम का संचालन श्यामसुंदर सहदेव ने किया। अध्यक्ष ने सभी अतिथियों और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।