भाजपा की जिला स्तरीय बैठक रविवार को जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, बूथ सशक्तिकरण अभियान के साथ-साथ केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है, बूथ ही भाजपा की सबसे मजबूत इकाई है, इसलिए हर बूथ को सक्रिय व सशक्त बनाने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने तथा जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, विभिन्न मोर्चों के कार्यक्रमों और अभियानों की समीक्षा की गई। आखिर में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा के अनुरूप बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने व आगामी सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान जिला महामंत्री प्रभु बाडोलिया, संतकुमार जैन, राजेश शर्मा, प्रधान काबरा, रमाकांत शर्मा, रामावतार धाभाई, मीडिया प्रभारी कमलेश यादव, बलवंत मराठा, मोनिका जैन, शंकर चौधरी सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष व बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।