भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस उत्साह और गर्व के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय पर ध्वजारोहण किया गया और वंदे मातरम् का गायन हुआ। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा आज जिस मुकाम पर है, वह अनगिनत कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने पार्टी के संस्थापकों और वरिष्ठ नेताओं के संघर्ष और विचारों को प्रेरणास्रोत बताया। देवासी ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने और "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में देश के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों का भी उल्लेख किया। राज्यमंत्री देवासी ने कांग्रेस पर देश में झूठ, भ्रम और विभाजन फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, भाजपा देश को जोड़ने और विकसित भारत के निर्माण के लिए काम कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा को सर्वोपरि मानते हुए निस्वार्थ भाव से जनकल्याण के कार्यों में लगे हैं। यही सेवा भावना पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और यही भाजपा को अन्य दलों से अलग पहचान देती है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहरसिंह जोधा ने इस अवसर को ऐतिहासिक और गौरवशाली बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि आत्ममंथन, संकल्प और समर्पण का भी दिन है। जोधा ने "लक्ष्य अंत्योदय, पथ अंत्योदय, प्रण अंत्योदय" को भाजपा की आत्मा बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का संकल्प है, जिससे सच्चे अर्थों में भारत सशक्त बनेगा। भाजपा आज “जन विश्वास” की पर्याय बन चुकी है। इसका कारण केवल हमारे शब्द नहीं, बल्कि हमारे कार्य हैं। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ हमने सेवा, सुशासन और जन-कल्याण को अपनी नीति और नीयत का आधार बनाया है। देश की जनता ने हमारे इस समर्पण को पहचाना और हमें अपना आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि आज का यह दिन हमें उन महान विभूतियों का स्मरण करने का अवसर देता है, जिन्होंने अपने अथक परिश्रम, संघर्ष और त्याग से इस संगठन की नींव रखी और उसे मजबूती प्रदान की। उनका जीवन हमें सिखाता है कि संगठन की शक्ति उसके कार्यकर्ताओं के समर्पण और निष्ठा में निहित होती है।
कार्यकर्ताओं की मेहनत व राष्ट्रहित सर्वोपरि से भाजपा आज विशाल वटवृक्ष : जिलाध्यक्ष डॉ. भंडारी
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंड़ारी ने कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा तक का सफर कार्यकर्ताओं के मेहनत, त्याग, अटूट समपर्ण व राष्ट्रहित सर्वोपरी की भावना का सफर है। जिसके कारण भाजपा आज विशाल वटवृक्ष बना है। जिलाध्यक्ष भंड़ारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के शुरुआती दिनों में जब भाजपा के पास न तो सत्ता थी और न ही संसाधन, फिर भी कार्यकर्ता लोगों से जुड़ने के लिए लगातार मेहनत करते थे। भाजपा का कार्यकर्ता देशसेवा के भाव से निरन्तर कार्य कर रहा है उन्होंने कहा संगठन की नीतियों और पार्टी के सिद्धांतों एवं केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है भाजपा स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं के संघर्ष की कहानी बयां करता है और यह बताता है कि भाजपा किस प्रकार से विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है।
विधायक समाराम गरासिया, जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, पूर्व जिलाध्यक्ष कमलेश दवे व जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़ ने अपने संबोधन में पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक की यात्रा पर प्रकाश डाला तथा संगठन को अधिक मजबूत करने को लेकर विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहां हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं। इसलिए पार्टी का स्थापना दिवस केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं होता है। ये हम सब कार्यकर्ताओं के लिए एक भावुक अवसर होता है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि भाजपा स्थापना दिवस पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को शोल ओढाकर व पार्टी का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम की शुरुवात भारत माता, दीनदयाल उपाध्याय व श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र के आगे दीप प्रज्वलन कर की। अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
मंच संचालन स्थापना दिवस के जिला संयोजक व जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़ ने की। सभी कार्यकर्ताओं का आभार जिला महामंत्री रामलाल रनोरा व नरपतसिंह राणावत ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारणी सदस्य वीरेंद्रसिंह चौहान, पायल परसरामपुरिया, नारायण देवासी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मातृशक्ति व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।