जिले के 8 नगर निकायों में भाजपा के उपाध्यक्ष जीत गए। लॉटरी की वजह से पाली नगर निगम में निर्दलीय मेहबूब उप महापौर चुने गए। सिर्फ मारवाड़ जंक्शन पालिका में कांग्रेस का उपाध्यक्ष जीत पाया। जिले की सभी 9 नगर पालिकाओं में भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। रानी में बराबर वोट आने पर लॉटरी से फैसला हुआ, जबकि बाली में अध्यक्ष के बाद उपाध्यक्ष पद भी निर्विरोध भाजपा के खाते में गया। सुमेरपुर में भाजपा प्रत्याशी को 23 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के मत 9 से बढ़कर 12 हो गए। रानी में भाजपा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को 10-10 मत मिलने से मुकाबला टाई हो गया। लॉटरी से भाजपा समर्थित शैलू अग्रवाल के पक्ष में फैसला हुआ। सोजत रोड में करीब 10 मिनट पहले जयसिंह सांखला को लाया गया और दावेदारी वापस उठवाई गई। मारवाड़ जंक्शन में भाजपा के घनश्याम सिंह मीणा और कांग्रेस के नगेंद्र सिंह गुर्जर के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। रिटर्निंग अधिकारी महावीर सिंह जोधा ने लॉटरी कराई। इस दौरान रास्ते से गुजर रही 7 वर्षीय दलित बालिका पूनम से पर्ची निकलवाई। पर्ची में कांग्रेस प्रत्याशी नगेंद्र सिंह गुर्जर का नाम निकला और उन्हें उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। खास बात यह भी है कि नगेंद्र गुर्जर ने हाल ही में वार्ड 15 से पार्षद का चुनाव जीता था। उनकी पत्नी जया गुर्जर पूर्व सरपंच और नगर पालिका की पहली चेयरमैन रह चुकी हैं।