जोधपुर| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर माफी की मांग की। भाजपा शहर की ओर से जालोरी गेट पर प्रदर्शन के दौरान खड़गे का पुतला फूंका गया और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए गए। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने टिप्पणी को अपमानजनक बताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व और स्थानीय विधायक के मार्गदर्शन में विरोध दर्ज कराया गया। भाजपा ने चेतावनी दी कि माफी नहीं मांगने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।