बारां| कस्बे में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर विभिन्न संगठनों ने कार्यक्रम आयोजित किए। भाजपा एससी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर सर्किल पर पुष्पांजलि और दीपदान किया। नगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव के नेतृत्व में प्रतिमा पर माल्यार्पण हुआ। यशोदा मेघवाल ने कहा कि संवैधानिक कानूनों से महिलाओं को मिला सम्मान अंबेडकर की देन है। जिला संयोजक सुरेश कुमार ने संविधान को सामाजिक न्याय का दस्तावेज बताया। एकल अभियान अंचल ने भी जयंती मनाई। समिति अध्यक्ष डॉ. सुरेश मेघवाल ने कहा कि अंबेडकर ने दलित और पिछड़े वर्गों के साथ सभी भारतीयों के उत्थान के लिए काम किया। संरक्षक आचार्य परमानंद ने उन्हें बुद्धिजीवी और पथप्रदर्शक बताया। अखिल राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति अन्य पिछड़ा वर्ग अधिकारी कर्मचारी संयुक्त महासंघ, बारां के बैनर तले रैली निकाली गई। रैली को विधायक राधेश्याम बैरवा ने नीली झंडी दिखाकर रवाना किया। यह श्रीराम स्टेडियम से शुरू होकर स्टेशन रोड, चारमूर्ति चौराहा, कोटा रोड, धानमंडी, अस्पताल रोड, धर्मादा चौराहा, प्रताप चौक, दीनदयाल पार्क और शाहाबाद रोड होते हुए अंबेडकर सर्किल पहुंची। झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।