निकाय सभापति व अध्यक्ष का चुनाव सोमवार को जिले की 6 निकायों में है। 12 प्रत्याशी मैदान में होने से भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा, फिर मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर रिजल्ट घोषित होगा। जबकि, उप सभापति व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव मंगलवार को होगा। िजले के सवाईमाधोपुर, गंगापुर सिटी नगर परिषद में सभापति और बामनवास, बौंली, वजीरपुर व खंडार नगरपालिका में अध्यक्ष का चुनाव रोचक है। सवाई माधोपुर के 60 वार्डों में से 33 पर भाजपा, 18 कांग्रेस और 9 निर्दलीय पार्षद हैं, ऐसे में यहां ओबीसी आरक्षित सभापति पद पर भाजपा प्रत्याशी मेवा चौधरी के पास बहुमत 31के मुकाबले निर्दलीयों का साथ मिलने से आंकड़ा 40 के पार होने का दावा है। यहां सभापति पद पर कांग्रेस के शैलेन्द्र चौधरी हैं, उन्हें पार्टी के 18 मत मिल सकते हैं, बाकी निर्दलीयों का झुकाव मेवा चौधरी की तरफ होने से मेवा की ताजपोशी तय है।