पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों के परिणामों में भाजपा की बढ़त के बाद सलूंबर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। शहर के मुख्य बस स्टैंड स्थित प्राण बिटल्स के सामने बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। उन्होंने जीत का जश्न मनाते हुए जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। ढोल-नगाड़ों की थाप और 'भारत माता की जय' के नारों से पूरा बस स्टैंड क्षेत्र गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने इस जीत को लोकतंत्र की विजय और जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों और केंद्र सरकार के जनहितैषी कार्यों पर जनता की मुहर है। इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा ने कहा कि यह संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने एक बार फिर विकासवाद को चुना है। जश्न के दौरान नगर मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा सहित भाजपा के समस्त वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा मोर्चा के सदस्य और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के कारण सलूम्बर शहर में देर तक चुनावी उत्सव जैसा माहौल बना रहा।