जैसलमेर | राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी मुख्य परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होगी। आवेदन प्रक्रिया लगभग एक माह तक चलेगी व आवश्यकता होने पर आवेदन तिथि बढ़ाई भी जा सकेगी। अब तक विद्यार्थियों से 650 रुपये परीक्षा शुल्क लिया जाता था, जिसे बढ़ाकर 850 रुपये कर दिया गया है। शुल्क वृद्धि का निर्णय राज्य सरकार की अनुमति के बाद लिया गया है। हालांकि, सीनियर सेकेंडरी की प्रायोगिक परीक्षाओं का शुल्क पूर्व की भांति अलग से देय होगा। शुल्क वृद्धि से अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा, लेकिन बोर्ड का कहना है कि इससे परीक्षा प्रबंधन और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सकेगा।बोर्ड के अनुसार लेट फीस के साथ 6 से 12 अगस्त तक 1100 रुपए, 2 अतिरिक्त लेट फीस के साथ 13 से 18 अगस्त तक 1350 रुपए, दोगुनी फीस के साथ 19 से 24 अगस्त तक 1700 रुपए, इससे ज्यादा लेट होने पर 25 अगस्त से 1 सितम्बर तक 2350 रुपए फीस लगेगी। आवेदन फार्म में संशोधन की डेट 7 से 17 नवम्बर रखी गई है। प्रायोगिक परीक्षा फीस में भी 100 रुपए की बढ़ोतरी कर 200 रुपए कर दी गई है, जो हर सब्जेक्ट पर अलग से देना होगा। विशेष आवश्यकता वाले छात्र, दृष्टिबाधित व दिव्यांग परीक्षार्थी, युद्ध में वीरगति को प्राप्त अथवा अपाहिज सैनिकों के बेटे-बेटियां की कोई फीस नहीं लगेगी।